उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार सुबह एक शिक्षक के हत्यारोपी की पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। मामला ...
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में सोमवार सुबह एक शिक्षक के हत्यारोपी की पुलिस की मौजूदगी में भीड़ ने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर मार डाला। मामला तरयासुजान थाना क्षेत्र के रामपुर बंगरा गांव का है। आरोप है कि सुबह 8 बजे के आसपास स्कूटी से आए अज्ञात बदमाश ने सोते समय शिक्षक को तीन गोली मारी। इसके बाद शिक्षक के घर की छत पर चढ़कर हवाई फायरिंग करने लगा। यह देख गांव वालों ने बदमाश को घेर लिया और पुलिस को सूचना दी। करीब डेढ़ घंटे बाद पहुंची पुलिस के सामने बदमाश सरेंडर करना चाह रहा था। लेकिन भीड़ ने पुलिस की कस्टडी से छुड़ाकर बदमाश को पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी। इस दौरान पुलिस मूकदर्शक बनी तमाशा देखती रही।
बिहार में शिक्षक था मृतक
रामपुर बंगरा निवासी सुधीर सिंह सीमावर्ती प्रांत बिहार में शिक्षक थे। सोमवार सुबह सुधीर सिंह घर में सो रहे थे। करीब आठ बजे के आसपास स्कूटी पर सवार होकर एक अज्ञात बदमाश उनके घर के भीतर दाखिल हो गया। बदमाश ने सुधीर पर ताबड़तोड़ तीन फायर किए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद लोगों ने हमलावर बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो वह छत पर चढ़ गया। जहां से वह हवाई फायरिंग करने लगा।
बदमाश पर टूट पड़े ग्रामीण
वहीं, फायरिंग और हत्या की खबर पाकर तमाम लोग लाठी-डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बदमाश की घेराबंदी करते हुए पुलिस को सूचित किया। आरोप है कि पुलिस करीब डेढ़ घंटे के बाद वारदात स्थल पहुंची। पुलिस को देखते हुए हमलावर ने अपने दोनों हाथ ऊपर करते हुए सरेंडर करने का प्रयास किया। लेकिन बेकाबू थी। छत से नीचे उतरते ही भीड़ बदमाश पर टूट पड़ी। ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में बदमाश की लाठी डंडों से पीट पीटकर हत्या कर दी। मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
बेबस नजर आई पुलिस
लिंचिंग के वक्त सीओ तमकुहीराज पुलिस बल के साथ हमलावर बदमाश को बचाने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन ग्रामीण भारी पड़े और पुलिस बेबस नजर आई। एसपी विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि पूरे मामले की जांच चल रही है। शिक्षक की हत्या क्यों हुई? इसका भी पता लगाया जा रहा है।
COMMENTS