बीएसएफ ने रविवार रात गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक व्यक्ति को काबू किया है। जालंधर का भारतीय जीवन बीमा निगम का...
बीएसएफ ने रविवार रात गुरदासपुर जिले में अंतरराष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा पर एक व्यक्ति को काबू किया है। जालंधर का भारतीय जीवन बीमा निगम का यह कर्मचारी कार लेकर देर रात तारबंदी के एकदम पास पहुंच गया था। बीएसएफ ने जब उसे रुकने को कहा तो वह कार लेकर भाग निकला, लेकिन पीछा करके आखिर धर-दबोचा। बताया जा रहा है कि आरोपी ने शराब पी हुई थी।
आरोपी की पहचान जालंधर के छोटी बारादरी निवासी अमरजीत सिंह पन्नू के रूप में हुई है, जो गुरदासपुर में भारतीय जीवन बीमा निगम में विकास अधिकारी के तौर पर कार्यरत है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे वह अपनी महिंद्रा एक्सयूवी कार के साथ अंतरराष्ट्रीय भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित सीमा सुरक्षा बल के गुरदासपुर सेक्टर की चकरी बीओपी के पास पहुंच गया।
बीएसएफ ने रुकने को कहा तो अमरजीत कार को लेकर भाग निकला, जिसे पीछा करके पकड़ लिया गया। सूत्रों की मानें तो आरोपी ने इस हकरत के दौरान शराब पी हुई थी। फिलहाल बीएसएफ के अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।
पाकिस्तान की तरफ है तख्तूपुर पोस्ट
बता दें कि चकरी पोस्ट वही जगह है, जहां करीब दो साल पहले पाकिस्तान से हथियार सप्लाई करने की कोशिश हुई थी, जिसे बीएसएफ ने नाकाम कर दिया था। सीमा के पार पाकिस्तान की तख्तूपुर पोस्ट है और इसे तस्करी व घुसपैठ के लिए काफी संवेदनशील माना जाता है।
पाकिस्तान सीमा पर दो किलो हेरोइन बरामद
उधर, इससे एक दिन पहले शनिवार रात को 124 बटालियन की चेक पोस्ट जल्लोके गेट नंबर 208/7 के पास कंटीली तार से इस पार चार पैकेट हेरोइन बरामद हुई है। इन पैकेटों में दो किलो हेरोइन मिली। भारत-पाक सीमा पर स्थित चौकी जल्लोके के गेट नंबर 208/7 पर ड्यूटी दे रहे सीमा सुरक्षा बल के जवानों को कुछ हलचल सुनाई दी। सुबह उच्चाधिकारियों के नेतृत्व में पोस्ट के नजदीक सर्च ऑपरेशन चलाया गया तो वहां चार पैकेट मिले।
COMMENTS