उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार रात एक मानसिक रुप से अस्वस्थ युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक रात के अंधेरे में...
उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में रविवार रात एक मानसिक रुप से अस्वस्थ युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि युवक रात के अंधेरे में एक घर में घुस गया। घर मालिक ने उसे चोर समझा और अपनी डबल बैरल बंदूक से गोली मार दी। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। बंदूक जब्त कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
आहट पाकर युवक पर किया फायर
घटना हथिगवां थाना क्षेत्र के कूढ़ा गांव की है। इंटर कालेज के रिटायर्ड प्रिंसिपल कृष्ण कुमार पांडेय (75 साल) का मकान गांव के किनारे स्थित है। रविवार रात एक युवक उनके घर के भीतर घुस गया। आहट पाकर कृष्ण कुमार की नींद खुली तो उन्होंने युवक को देखा। उन्हें लगा कि वह चोर है। इसके बाद उन्होंने अपनी डबल बैरल बंदूक से युवक पर फायर कर दिया। गोली सीधे युवक के सीने में लगी और वह जमीन पर गिर गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी व उसके दो बेटों को गिरफ्तार किया
फायरिंग के बाद शोर शराबा मचने पर लोग मौके पर पहुंचे तो मृतक की पहचान बाघराय थाना क्षेत्र के जमालमऊ गांव निवासी विवेक उपाध्याय के रुप में हुई। वह मानसिक रुप से बीमार था। वह रविवार रात घर से निकलकर पांडेय के मकान में पहुंच गया था। सूचना मिलते ही हथिगवां एसओ उदय त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचे और घटना की पड़ताल की। पुलिस ने कृष्ण कुमार पांडेय और उनके दो बेटों को गिरफ्तार किया है। तीनों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी अनुराग आर्य ने घटना स्थल पर जांच की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। युवक की हत्या की खबर उसके परिजन भी जिला अस्पताल पहुंचे। जिनका रो-रो कर बुरा हाल है।
COMMENTS